बेमेतराएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक
विवाद के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पहुंचे थाने, वहां भी हुआ भारी हंगामा।
बेमेतरा जिले में कांग्रेस भवन के नीचे बनी दुकानों के किराए को लेकर कांग्रेसी नेता आपस में ही भिड़ गए। मामला मारपीट तक पहुंच गया। यहां तक कि थाने में ही एक कांग्रेस कार्यकर्ता ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष पर हमला करने के लिए हथियार उठा लिया। किसी तरह से पुलिस ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। इधर कांग्रेस कार्यकर्ता ने भी पार्टी पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस भवन के नीचे 18 दुकानें बनाई गई हैं। इन दुकानों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आवंटित किया गया है। इसके लिए 1800 रुपए प्रति महीना किराया लिया जाता है। इन्हीं दुकानों में से एक दुकान कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष तिवारी ने भी ली हुई है। दुकान उनके पिता पन्ना तिवारी चलाते हैं। आरोप है कि उन्होंने पिछले कई महीनों से दुकान का किराया नहीं दिया है।

थाने में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच विवाद।
बुधवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष बंशी पटेल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लुकेश वर्मा किराया वसूलने के लिए पार्टी कार्यकर्ता आशीष तिवारी के घर पहुंचे। यहां किराए की राशि देने की बात को लेकर लुकेश वर्मा और दुकानदार पन्ना तिवारी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गालीगलौज के साथ नौबत मारपीट तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। पन्ना तिवारी का बेटा और कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष तिवारी भी थाने पहुंचा। यहां एक बार फिर उसकी लुकेश वर्मा और बंशी पटेल के साथ बहस हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली में भारी संख्या में पहुंच गए कांग्रेसी।
बहस इतनी बढ़ी कि सिटी कोतवाली थाने में ही कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष तिवारी ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लुकेश वर्मा पर हथियार उठा लिया। ये सबकुछ थाना प्रभारी के कक्ष में हुआ। अब जिला कांग्रेस अध्यक्ष बंशी पटेल और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लुकेश वर्मा ने आरोपी आशीष तिवारी पर कार्रवाई करने की मांग की है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता भारी संख्या में थाने में जमा हो गए और मामले को सुलझाने की कोशिश की। फिलहाल ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लुकेश वर्मा की शिकायत पर पार्टी कार्यकर्ता आशीष तिवारी के खिलाफ पुलिस ने धारा 506 बी, 294, 323, 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

एसडीओपी के चैंबर में भी कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष तिवारी और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के बीच हुई बहस।
आरोपी के पिता ने लगाए गंभीर आरोप
इधर आरोपी कार्यकर्ता आशीष तिवारी के पिता पन्ना तिवारी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बंशी पटेल जब से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने हैं, वे दुकान के किराए को लेकर मनमानी करते हैं, साथ ही हर कार्यक्रम के लिए जबरन चंदा वसूलते हैं। जो दुकानदार चंदा नहीं देते, उन पर इसी तरह की कार्रवाई करते हैं। उन्होंने बेटे द्वारा की गई मारपीट को लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका बेटा मानसिक रोगी है, उसका इलाज भी चल रहा है, इसलिए समझाने पर भी नहीं माना और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के साथ मारपीट की। पुलिस ने फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया है। एसडीओपी मनोज तिर्की ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
इधर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बंशी पटेल ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी लोग किराया देते हैं, केवल पन्ना तिवारी ही किराया नहीं देते। उन्हें 3 बार नोटिस भी दिया जा चुका है, लेकिन अब तक किराया नहीं मिला, जबकि ऐसे में दुकान खाली करवाने का प्रावधान है। उन्होंने आरोपी आशीष तिवारी पर हमेशा बदतमीजी करने का आरोप भी लगाया।
छत्तीसगढ़ में इसी तरह की ये खबरें भी पढ़ें…
भाजपा और कांग्रेस पार्षद के बीच झूमाझटकी का VIDEO:सामान्य सभा की बैठक में जमकर हुई बहस

बिलासपुर में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षद के बीच हुआ जमकर विवाद।
19 अप्रैल को बिलासपुर जिले के तखतपुर नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा में जमकर बवाल हो गया था। बैठक में भाजपा पार्षद व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस आपस में भिड़ गए और हाथापाई शुरू हो गई। नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस पार्षद के बीच हुए विवाद का VIDEO भी सामने आया था। हालांकि, इस विवाद के बाद मामला शांत हो गया और किसी ने कोई शिकायत नहीं की है। पूरी खबर पढ़ें…
कांग्रेस विधायक की मारपीट का VIDEO:बृहस्पत सिंह ने बैंक कर्मचारी का कॉलर पकड़कर पीटा

बृहस्पति सिंह ने बैंक कर्मी को जमकर पीटा था, उनकी ये हरकत CCTV कैमरे में कैद हो गई थी।
रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पत सिंह ने 3 अप्रैल को भीड़ के बीच बैंक कर्मचारी का कॉलर पकड़कर उसे दो-तीन तमाचे जड़ दिए थे। इतने में मन नहीं भरा तो विधायक ने घूंसा भी चला दिया था। नाराजगी ऐसी थी कि सुरक्षाकर्मियों के रोकने पर भी नहीं रुके और पूरी भड़ास दो बैंककर्मियों पर निकली। जिन 2 कर्मचारियों पर विधायक ने हाथ उठाया था, उनका नाम राजेश पाल और अरविंद सिंह है। दोनों बैंक कर्मचारी जिला सहकारी बैंक रामानुजगंज में पदस्थ हैं। इस घटना के खिलाफ सहकारी बैंक के कर्मचारी हड़ताल पर भी चले गए थे। बाद में विधायक बृहस्पत सिंह ने घटना पर अफसोस जताते हुए माफी मांग ली थी। पूरी खबर पढ़ें…