रायपुर21 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
छत्तीसगढ़ में गर्मी के तेवर तल्ख हो रहे हैं। कल से सूरज की तपीश और ज्यादा बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर और बिलासपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया है। शुक्रवार को तिल्दा और सक्ती दोनों ही जगह 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया वहीं रायपुर का तापमान 42 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है।
इन जिलों को रहना होगा अलर्ट
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 21 मई को बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर, बलौदाबाजार, दुर्ग और रायपुर में लू चलने की आशंका है। इसी तरह 22 मई कोरबा, मुंगेली और बिलासपुर जिले में लू का अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश में जांजगीर और सक्ती जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा
बीते सप्ताह भर से लोगों को तेज गर्मी का एहसास हो रहा था लेकिन शुक्रवार को मौसम में परिवर्तन देखने को मिला है। कहीं तेज तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश हुई है। चिलचिलाती धूप के बाद बारिश की बौछार ने कुछ देर तो राहत दी लेकिन फिर धूप निकलने की वजह से पूरे दिन उमस और बेचैनी रही। मौमस विभाग द्वारा जारी किए गए मौसम सारांश में प्रदेश के कई जगहों पर लू चलने की आशंका जतायी गयी है।
आज कई जगहों पर होगी हल्की बारिश
राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार को तपती गर्मी के बाद मौसम में अचानक बदलाव देखा गया बादल छाए और हवाएं चलने लगी। इसके बाद तेज बारिश भी हुई हालांकि ये बारिश कुछ देर तक चली लेकिन थोड़े ही देर में इसने लोगों को तरबतर कर दिया।
आज भी मौसम में कुछ इसी तरह के रहने का अनुमान लगाया गया है। दोपहर बाद प्रदेश के कई जिलों में अंधड़,गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जतायी गयी है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि उत्तरी छत्तीसगढ़ में उत्तर-पश्चिम से गर्म हवाएं आ रही है इसलिए यहां अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है जबकि दक्षिण छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा आने के कारण तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।