पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा ने किया गोठानों का निरीक्षण।
– फोटो : संवाद
विस्तार
छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना गोठान को लेकर अब भाजपा आक्रामक हो गई है। इसे लेकर प्रदेश के पूर्व वनमंत्री महेश गागड़ा ने ‘चलबो गोठान खोलबो पोल’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत वह गोठानों की जांच-पड़ताल पर निकले हैं। पूर्व मंत्री गागड़ा ने कहा कि, गोठानों में भारी अनियमितता मिली है। गोठान में न गाय दिखी, न गोबर, न वर्मी कम्पोस्ट खाद और न ही चारा न पानी। आरोप लगाया कि वर्मी कंपोस्ट के नाम पर किसानों को मिट्टी थमाई जा रही है।
पूर्व वनमंत्री महेश गागड़ा ने कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार और गुरुवार को बीजापुर जिले के भोपालपटनम क्षेत्र के गोल्लगुड़ा, तिमेड, उल्लूर, भद्रकाली व चन्दूर के गोठानो का निरीक्षण किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार ने शराब घोटाले की तरह गोबर और चारा घोटाला किया है। जिस तरह ऑर्गनाइज्ड क्राइम सिंडिकेट बनाकर कोयला, रेत व शराब घोटाले किए हैं, उसी तर्ज पर संगठित गोठान घोटाला भी किया गया हैं। कहा कि भूपेश सरकार ने गौमाता के साथ भ्रष्टाचार किया हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि, गाय सड़कों पर घूम रही हैं। गोबर खरीदी में घोटाला किया गया। आरोप लगाया कि भूपेश सरकार ने गोठानो की आड़ में 1300 करोड़ से अधिक का भ्रष्टाचार किया है। वही गौठान निरीक्षण के दौरान महेश गागड़ा ने स्थानीय लोगों से भी अव्यवस्था को लेकर चर्चा की। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ये घोटालों की ऐसी सरकार है जिसने चारा घोटाला को भी पीछे छोड़ दिया हैं।